धर्म की रक्षा के लिए व्यापारियों को धन के साथ समय का भी करना होगा दान: मिलिंद परांदे
धर्म के मूल में अर्थ का विशेष महत्व है, क्योंकि बिना धन के गृहस्थ जीवन में धर्म की स्थापना संभव नहीं है। लेकिन केवल अर्थ से धर्म की पताका नहीं फहराई जा सकती। इसके लिए व्यापारियों को अपनी अमूल्य निधि यानी समय का भी दान करना होगा। यह विचार विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांदे ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के कार्यक्रम में हित चिंतक अभियान पर अपने उद्बोधन के दौरान व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि आज हिंदू समाज में दहेज प्रथा, भ्रूण हत्या, नशाखोरी और जातिवाद जैसी अनेक सामाजिक बुराइयां आ गई हैं, जो हिंदुत्व के विकास में बड़ी बाधा हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन परंपरा का मूल मंत्र सदैव 'वसुधैव कुटुंबकम' रहा है। हाल ही में जी-20 सम्मेलन के माध्यम से भी भारत ने 'वन अर्थ, वन फैमिली' का संदेश पूरी दुनिया को दिया।
मिलिंद परांदे ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय धर्म और धर्मपरायणता को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया। इसके चलते सनातन धर्म कमजोर हुआ और देश में बड़े पैमाने पर मतांतरण की घटनाएं सामने आईं।
व्यापारियों को धर्म और समाज के लिए समय निकालना होगा
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि इस प्रेरणादायी उद्बोधन से व्यापारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। अब समय आ गया है कि व्यापारी धर्म की रक्षा और सामाजिक कार्यों के लिए केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं, बल्कि अपना समय भी दें और सार्थक भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि बरेली को धार्मिक नगरी और नाथ नगरी के रूप में मिली पहचान से शहर का गौरव बढ़ा है। इसका सकारात्मक प्रभाव व्यापार पर भी पड़ा है। जिन शहरों में सनातन संस्कृति का विकास हुआ है, वहां व्यापार और आर्थिक गतिविधियां भी समृद्ध हुई हैं।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम का संचालन महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया ने किया। कार्यक्रम संयोजक मयंक अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजेश कुमार, विभाग मंत्री मानवेंद्र सिंह राणा, विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र जी, महानगर अध्यक्ष आशु अग्रवाल, महानगर मंत्री संजय शुक्ला, व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गेश खटवानी, मनमोहन सभरवाल, अंजनी गुप्ता, समित अग्रवाल, रचित गुप्ता, मुकेश खटवानी, दिलीप गुप्ता, ईशान गुप्ता, आशुतोष गोयल, सीपी सिंह, मुकुल मित्तल सहित अनेक व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बरेली न्यूज़ लाइव#BareillyNewsLive #BareillyNews #Bareilly #MilindParande #VHP #VishvaHinduParishad #UttarPradeshVyaparMandal #VyapariSammelan #SanatanDharma #NathNagri #BareillyNewsUpdate #BreakingNews