किन्नर बनकर लूटा |
खातेगांव थाना क्षेत्र के बरवाईखेड़ा गांव में लूट का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बदमाशों ने किन्नर का भेष धारण कर एक सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। अब पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कन्नौद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडिशनल एसपी ग्रामीण सौम्या जैन ने बताया कि 19 जून को तीन आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार से पीड़ित के घर पहुंचे। इनमें से दो आरोपी किन्नर के वेश में थे। उन्होंने पहले बातचीत के बहाने घर में प्रवेश किया और फिर चाकू की नोक पर परिवार को धमकाते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद आरोपियों के भय के कारण पीड़ित ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। लेकिन 7 जुलाई को कन्नौद पुलिस ने एक अन्य मामले में डकैती की योजना बना रहे बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बरवाईखेड़ा लूटकांड का भी खुलासा हो गया। इसके बाद मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुनील को संदलपुर से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके पांच अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और दो कारें बरामद की हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है।