*दुर्गा पूजा को लेकर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का किया संयुक्त निरीक्षण*
======================
*विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं शांतिपूर्ण पूजा आयोजन को लेकर प्रतिनियुक्त अधिकारियों और दंडाधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
======================
दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलमबाग चौक, छाता बाजार सहित शहर के अन्य प्रमुख स्थलों पर स्थापित पूजा पंडालों एवं वहां की विधि-व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों से मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यकतानुसार व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
इस दौरान जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा आयोजन समितियों के सदस्यों तथा स्थानीय आम नागरिकों से संवाद भी किया। उन्होंने पूजा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही, आयोजन समितियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। आमजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा पूरे क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य बनी रहे।
जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक गतिविधि को फैलने से रोकने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने सभी पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से आपसी सहयोग, सामाजिक सौहार्द एवं जिम्मेदार व्यवहार के साथ पर्व मनाने की अपील की है।
#CMSamrat
#samratchoudhary
#durgapuja
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar