ऋषिकेश: नशे के आदी बेटे ने माँ को मारी गोली, हालत नाजुक
ऋषिकेश। तीर्थनगरी के आईडीपीएल क्षेत्र अंतर्गत पशुलोक विस्थापित कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रविवार देर रात एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी 63 वर्षीय सगी माँ के माथे पर अवैध तमंचे से गोली मार दी।मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सुमित गौड़ (32) शराब और नशे का आदी है।
वारदात उस समय हुई जब उसकी माँ, उषा देवी ने उसे नशा करने से टोकते हुए समझाने का प्रयास किया। विवाद बढ़ने पर तैश में आए सुमित ने 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया। घटना के बाद लहूलुहान माँ को आरोपी खुद एम्स ऋषिकेश लेकर पहुँचा, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।