रुद्रप्रयाग में अलकनंदा का रौद्र रूप: उफान में डूबी भगवान शिव की प्रतिमा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियाँ विकराल रूप धारण कर चुकी हैं। अलकनंदा नदी का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा है कि बेलनी पुल के पास स्थित भगवान शिव की लगभग 10 से 15 फीट ऊँची प्रतिमा जलमग्न हो गई है। सोमवार दोपहर तक पानी प्रतिमा के गले और चेहरे तक पहुँच गया, जो क्षेत्र में बढ़ते खतरे का स्पष्ट संकेत है। नदी के बढ़ते वेग को देखते हुए प्रशासन ने तटीय इलाकों में रह रहे लोगों और तीर्थयात्रियों को सतर्क रहने तथा नदी के किनारों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है।