*नगरीय निकाय चुनाव : डीग, कुम्हेर व बृजनगर में मतदान तैयारियों का जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने लिया जायजा*
*कुम्हेर, बृजनगर एवं डीग में 19 मतदान बूथों का निरीक्षण; 100-200 मीटर क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश*
नगर/डीग नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में 11 सितंबर को डीग जिले की डीग नगरपरिषद, बृजनगर नगरपालिका एवं कुम्हेर नगरपालिका में होने वाले मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष तथा जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने गुरुवार को विभिन्न मतदान केंद्रों एवं निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने कुम्हेर में स्वर्गीय श्री रामजी लाल स्वर्णकार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 4 बूथ, बजरंग मॉर्डन उच्च माध्यमिक विद्यालय में 2 बूथ, पंचायती धर्मशाला में 1 बूथ तथा पशु चिकित्सा प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र में 1 बूथ का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर 100 एवं 200 मीटर की मार्किंग, प्रकाश, छाया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने बृजनगर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां रेवती देवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में 4 बूथ, अग्रवाल धर्मशाला में 2 बूथ तथा श्री जी आईटीआई में 2 बूथों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। वहीं डीग में किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 3 बूथों का निरीक्षण किया गया। इस प्रकार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने डीग, कुम्हेर एवं बृजनगर में कुल 19 मतदान बूथों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा एवं मतदान प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही नगर क्षेत्र का भ्रमण कर स्ट्रांग रूम एवं मतगणना संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
*निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सर्वोच्च प्राथमिकता—मयंक मनीष*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव की प्रक्रिया चल रही है, जिसका प्रथम चरण शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो चुका है। द्वितीय चरण में 11 सितंबर को डीग जिले की डीग नगरपरिषद, बृजनगर नगरपालिका एवं कुम्हेर नगरपालिका में मतदान होगा। उन्होंने कहा कि मतदान को देखते हुए उनके द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक के साथ मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है। कुल मिलाकर व्यवस्थाएं माकूल पाई गई हैं। प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 11 सितंबर को मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जाए।
Nagar, Bharatpur | Sep 10, 2026