*अवैध देसी पिस्तौल व दो जिंदा रौंद सहित आरोपी गिरफ्तार*
सीआईए वन पुलिस टीम ने औद्योगिक सेक्टर-29 में एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल व दो जिंदा रौंद सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव डाहर निवासी कौशल के रूप में हुई है।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम बुधवार शाम को औद्योगिक सेक्टर-29 में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को फ्लौरा चौक की ओर से एक संदिग्ध युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया। युवक पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। तलाशी लेने पर उसकी जींस पैंट से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। देसी पिस्तौल की मैगजीन निकालकर जांच की गई तो उसमें दो जिंदा रौंद मिले। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान कौशल पुत्र कुलदीप निवासी गांव डाहर के रूप में बताई।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह उक्त देसी पिस्तौल व जिंदा रौंद करीब एक माह पहले यूपी में कैराना बाईपास पर मिले एक अज्ञात युवक से 35 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। इसके बाद वह अवैध देसी पिस्तौल को अपने साथ लेकर चलने लगा।
*आरोपी पर पहले से दर्ज हैं आधा दर्जन से ज्यादा मामले*
प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि जांच में आरोपी कौशल का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ मारपीट, फिरौती तथा आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब दो माह पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस ने थाना औद्योगिक सेक्टर-29 में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आरोपी कौशल को वीरवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।