#बालाघाट
कोयला ब्लॉक नीलामी एवं आवंटन प्रक्रिया पर संसदीय समिति में हुई विस्तृत चर्चा
सांसद भारती पाराधी ने स्थायी समिति की बैठक में रखा बालाघाट-सिवनी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व
बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पाराधी ने रविवार 15 जून को संसद की कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता की। समिति की यह बैठक समिति के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में “कोयला ब्लॉक नीलामी एवं आवंटन प्रक्रिया – एक समीक्षा” विषय पर विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कोयला मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने समिति के समक्ष विभिन्न बिंदुओं पर प्रस्तुतियां दीं और सदस्यों के प्रश्नों के उत्तर दिए।
बैठक में कोयला ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया, आवंटन व्यवस्था, पारदर्शिता, ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरणीय मानकों के पालन तथा खनन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने इस संबंध में अपने सुझाव भी साझा किए।
सांसद श्रीमती भारती पाराधी ने कहा कि देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति तथा खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए कोयला एवं खनन क्षेत्र की नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संसदीय समितियों के माध्यम से विभिन्न विषयों की गहन समीक्षा कर नीति निर्माण और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती प्रदान की जाती है।
बैठक को देश के ऊर्जा एवं खनन क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित एवं अत्यंत उपयोगी बताया गया। समिति के सदस्यों ने संबंधित मंत्रालयों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर सार्थक चर्चा करते हुए क्षेत्र के विकास और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
उल्लेखनीय है कि संसदीय स्थायी समितियां विभिन्न मंत्रालयों की कार्यप्रणाली, नीतियों एवं योजनाओं की समीक्षा कर संसद को अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करती हैं। इसी क्रम में आयोजित इस बैठक में कोयला ब्लॉक नीलामी एवं आवंटन प्रक्रिया की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #bhartipardhimp