16वें वित्त आयोग सहित विकास कार्यों की जिला पंचायत में समीक्षा
ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित कार्यों, वित्तीय प्रबंधन और विकास योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा
जिला पंचायत नर्मदापुरम के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित सामान्य सम्मेलन में 16वें वित्त आयोग सहित विभिन्न विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधा सुधीर पटेल की अध्यक्षता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन के मार्गदर्शन में हुई बैठक में जिला पंचायत सदस्यों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए गए तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली गई।
बैठक में 16वें वित्त आयोग से प्राप्त एवं प्रस्तावित राशि के माध्यम से ग्राम पंचायतों में कराए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। पंचायत स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यों का चयन, उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव भी बैठक में रखे।
सम्मेलन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति तथा लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने तथा मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, आवास, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर सदस्यों ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। बैठक में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का विभागीय स्तर पर परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधा सुधीर पटेल ने कहा कि वित्तीय संसाधनों का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाए। उन्होंने पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की सतत निगरानी तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय से कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में सामने आए विषयों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
सम्मेलन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनोहर लाल पटेल, परियोजना अधिकारी योगेन्द्र राय, परियोजना अधिकारी शैलेश ऊके, परियोजना अधिकारी अभिषेक तिवारी, ज्योति साहू, प्रकाश तिवारी, जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
#narmadapuram
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh General Administration Department, MP