रासायनिक खेती छोड़ प्राकृतिक एवं जैविक खेती को जन आंदोलन बनाए नवांकुर संस्थाएं - पद्म श्री मोहन नागर
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने परिषद की संवाद योजना के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय परिषद संवाद बैठक में नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों से रासायनिक खेती के स्थान पर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
सोमवार को जिला पंचायत सभागृह में आयोजित बैठक में श्री मोहन नागर ने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि किसान रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती की ओर आगे बढ़ें। प्राकृतिक एवं जैविक खेती न केवल मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने में भी सहायक है।
उन्होंने नवांकुर संस्थाओं से आग्रह किया कि वे गांव-गांव में किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के प्रति जागरूक करें तथा इसके लाभों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। संस्थाएं स्थानीय किसानों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करें और इस दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की संस्थाएं सामाजिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशामुक्ति एवं प्राकृतिक खेती जैसे विषयों पर जनजागरूकता का व्यापक कार्य किया जा सकता है।
बैठक में परिषद के सदस्य श्री बुद्धपाल सिंह, सामाजिक न्याय विभाग की संचालिका श्रीमती सीमा बड़ोले, संभाग समन्वयक श्री कौशलेश तिवारी, जिला समन्वयक श्रीमती कोकिला चतुर्वेदी सहित जिले के सभी विकासखंडों के नवांकुर संस्था प्रतिनिधि एवं विकासखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP Home Department of Madhya Pradesh