आढ़तियों पर दूसरे दिन भी कार्रवाई....सेब मंडियों में नियमों के उल्लंघन एवं अधिक वजन वाले यूनिवर्सल कार्टन के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान जारी
शिमला: हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HPSAMB) द्वारा सेब सीजन के दौरान मंडियों में निर्धारित नियमों एवं मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कृषि उपज मंडी समिति, सोलन तथा कृषि उपज मंडी समिति, शिमला एवं किन्नौर के अंतर्गत विभिन्न सेब मंडियों में प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है।
प्रवर्तन अभियान के दौरान दोनों मंडी समिति क्षेत्रों में 18 कमीशन एजेंटों द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत अधिक वजन वाले यूनिवर्सल कार्टन में सेब का व्यापार किए जाने तथा संबंधित नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए हैं। इन मामलों में संबंधित कमीशन एजेंटों के चालान किए गए हैं तथा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक ने सभी कमीशन एजेंटों को निर्देश दिए हैं कि वे सेब का व्यापार निर्धारित नियमों एवं कानून के अनुरूप ही करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का लगातार उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कमीशन एजेंट का पंजीकरण निलंबित अथवा रद्द किया जा सकता है।
प्रबंध निदेशक ने सेब उत्पादकों से भी आग्रह किया है कि वे सेब की पैकिंग निर्धारित यूनिवर्सल कार्टन के मानकों के अनुरूप ही करें। यदि किसी किसान अथवा अन्य संबंधित व्यक्ति को मंडियों में नियमों के उल्लंघन से संबंधित कोई शिकायत हो, तो वह संबंधित दस्तावेजों के साथ विपणन बोर्ड के व्हाट्सऐप नंबर 9459172727 पर शिकायत दर्ज कर सकता है।
मंडी समितियों द्वारा मंडियों में नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने, पारदर्शी व्यापार व्यवस्था बनाए रखने तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखी जाएगी।