हरदोई में ई-रिक्शा की मनमानी पर लगेगी लगाम, तय होंगे रूट
हरदोई। शहर में ई-रिक्शा के बेतरतीब संचालन और जाम की समस्या पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने रविवार को संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के तहत ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित 10 मार्गों में से अपनी पसंद का एक रूट चुनवाकर उसका विवरण वाहन पर चस्पा कराया गया।
परिवहन विभाग ने चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया। वहीं नगर पालिका की ओर से ई-रिक्शा की कलर कोडिंग, बारकोड और रूट संबंधी साइनेज की व्यवस्था की जा रही है। इससे वाहन की पहचान के साथ यह भी स्पष्ट रहेगा कि संबंधित ई-रिक्शा किस मार्ग पर संचालित होगा।
नई व्यवस्था का उद्देश्य शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ई-रिक्शा का दबाव कम करना और यातायात को सुचारु बनाना है। अधिकारियों के मुताबिक निर्धारित रूट व्यवस्था लागू होने से जाम पर नियंत्रण के साथ आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सकेगा।
यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे आवंटित रूट पर ही वाहन चलाएं और दस्तावेज सत्यापन व कलर कोडिंग की प्रक्रिया में सहयोग करें।
Hardoi, Hardoi | Oct 11, 2026