#समस्तीपुर महाभारत काल से जुड़ा है समस्तीपुर का 'देवखाल चौर', यहीं माता द्रौपदी ने की थी छठ पूजा
उजियारपुर के भगवानपुर कमला में पांच हजार एकड़ में फैला है ऐतिहासिक चौर, साल भर भरा रहता है पानी
समस्तीपुर
जिले के उजियारपुर प्रखंड स्थित भगवानपुर कमला गांव का ऐतिहासिक 'देवखाल चौर' लोक आस्था और गौरवशाली इतिहास का अनूठा संगम समेटे हुए है। करीब पांच हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले इस चौर का सीधा नाता महाभारत काल से जुड़ा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, लाक्षागृह की आग से बचकर निकलने के बाद माता द्रौपदी ने इसी घाट पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर छठ महापर्व किया था। इस बार भी यहां छठ पूजा को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
कभी नहीं सूखता इस चौर का पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, महाभारत काल में जब पांडव लाक्षागृह के षड्यंत्र से बचकर गुप्त सुरंग के रास्ते दलसिंहसराय के 'पांड' गांव पहुंचे थे, तब कार्तिक मास चल रहा था। पांडवों के सकुशल बचने की खुशी और उनकी मंगलकामना के लिए द्रौपदी ने देवखाल चौर के तट पर सूर्य उपासना की थी। इस चौर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि भीषण गर्मी में भी इसका पानी कभी नहीं सूखता है। हर साल यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु छठ मनाने जुटते हैं।
समाजसेवी व ग्रामीण संवार रहे घाट
छठ महापर्व को लेकर स्थानीय समाजसेवी राजू सहनी ग्रामीणों के सहयोग से देवखाल चौर और आसपास के घाटों की सफाई तथा निर्माण कार्य में जुटे हैं। राजू सहनी ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए घाटों का समतलीकरण और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है।
खुदाई में मिल चुके हैं कुषाणकालीन अवशेष
देवखाल चौर के समीप ही ऐतिहासिक 'पांडव स्थान' है, जहां पांडव कृष्ण धाम मंदिर स्थापित है। यह इलाका पुरातात्विक दृष्टि से भी बेहद समृद्ध है। ग्रामीणों के मुताबिक, वर्ष 2002 में हुई खुदाई के दौरान यहां कुषाणकालीन सभ्यता के प्रमाण, प्राचीन दीवारें, दुर्लभ मूर्तियां और ब्राह्मी लिपि अंकित मिट्टी के बर्तन मिले थे।
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग
इतने समृद्ध इतिहास और गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र होने के बावजूद यह क्षेत्र आज भी सरकारी उपेक्षा का शिकार है। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से शासन-प्रशासन से देवखाल चौर और पांडव स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग कर रहे हैं, ताकि बिहार की इस ऐतिहासिक धरोहर को देश-दुनिया में नई पहचान मिल सके।
खास बातें:
क्षेत्रफल: 5,000 एकड़ से अधिक में फैला है देवखाल चौर।
मान्यता: लाक्षागृह से बचने के बाद द्रौपदी ने यहां की थी पहली छठ।
पुरातत्व: 2002 की खुदाई में मिले थे कुषाणकालीन अवशेष व ब्राह्मी लिपि के बर्तन।