शाढ़ाबाई में 23 नवंबर सायं को होगा 'एयर रेड मॉक अभ्यास' का आयोजन, प्रशासन ने की न घबराने की अपील
Kullu Times
जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू द्वारा आपदा प्रबंधन तैयारियों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की कार्यप्रणाली को परखने के उद्देश्य से 23 नवंबर, 2026 को शाढ़ाबाई में एक विशेष 'एयर रेड मॉक अभ्यास' का आयोजन किया जाएगा।इस संबंध में आयोजित बैठक में जानकारी देते हुए अतिरिक्त जिला उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि इस मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपातकालीन या हवाई हमले जैसी स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों तथा संचार व्यवस्था की तत्परता का मूल्यांकन करना है।अभ्यास के दौरान सायरन बजाने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देने तथा राहत व बचाव दलों (पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड और एसडीआरएफ) की त्वरित प्रतिक्रिया का पूर्वाभ्यास किया जाएगा।अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने शाढ़ाबाई और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और आम जनता से अपील की है कि यह केवल एक नियमित पूर्वाभ्यास (मॉक ड्रिल) है। अभ्यास के दौरान सायरन की आवाज सुनकर या सुरक्षा बलों व एंबुलेंस की आवाजाही देखकर किसी भी प्रकार से घबराएं नहीं और न ही किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान दें। प्रशासन ने आम नागरिकों से इस अभ्यास को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करने का आग्रह किया है।बैठक में बीडीओ भुन्तर गौरव धीमान , डिप्टी कमांडेंट आईटीबीपी प्रभात ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Nov 21, 2026