Public App Logo
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पंचकूला में 5000 पौधों का रोपण पंचकूला, 17 अगस्त: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों की अनुपालना में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। महानिदेशक, आयुष विभाग, हरियाणा, श्री संजीव वर्मा, के दिशा-निर्देशानुसार इस अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग, हरियाणा द्वारा प्रत्येक जिले में 14 अगस्त, 2026 को 5000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस अभियान के तहत जिला पंचकूला में गणमान्य व्यक्तियों, आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, योग सहायकों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा द्वारा व्यायामशाला में औषधीय पौधों का रोपण किया गया तथा स्टाफ, योग सहायकों एवं ग्रामवासियों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में सेक्टर-20, पंचकूला के पार्षद श्री राकेश गोयल एवं श्रीमती प्रियंका, पूर्व मेयर श्रीमती उपेन्द्र आहलुवालिया तथा पार्क कमेटी के सदस्यों ने भी पौधारोपण कर आमजन को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पंचकूला में पार्षदों के सहयोग से विभिन्न पार्कों एवं व्यायामशालाओं में पौधारोपण करवाया गया। इसके अतिरिक्त जिले के सभी आयुष संस्थानों के परिसरों, योग व्यायामशालाओं, विद्यालयों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर लगभग 5000 पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना है। साथ ही, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, पंचकूला ने आमजन से अपील की कि वे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। - Panchkula News