'शहर की साख से खिलवाड़ न हो, जांच के आधार पर होगी कड़ी कार्रवाई': कल्पना मिश्रा प्रकरण पर बोले बीजेपी नेता दिवाकर द्विवेदी
रीवा। शहर में जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और सिरमौर चौराहे पर चल रहे धरना प्रदर्शन के बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता दिवाकर द्विवेदी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मृतक कल्पना मिश्रा के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कानून और संविधान के तहत निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इस मुद्दे पर राजनीति करके शहर और यहां के सरकारी संस्थानों की विश्वसनीयता को चोट नहीं पहुंचाई जानी चाहिए।
शहर किसी दल का नहीं, आम जनता का है
Bjp नेता दिवाकर द्विवेदी ने कहा कि रीवा शहर किसी एक नेता, पार्टी या संगठन का नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का है। उन्होंने कहा, "यदि शहर की मर्यादा और यहां के स्वास्थ्य व अन्य शासकीय संस्थानों की छवि को धूमिल किया जाएगा, तो इसका सबसे बुरा असर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले गरीब वर्ग पर पड़ेगा। समर्थ व्यक्ति तो बाहर इलाज करा सकता है, लेकिन गरीब पूरी तरह से इन्हीं सरकारी अस्पतालों पर निर्भर रहता है।"
कल्पना मिश्रा मामले में लगातार हो रही कार्रवाई
मृतक कल्पना मिश्रा मामले का जिक्र करते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि घटना से जुड़ी वायरल तस्वीरें और परिस्थितियां बेहद दुखद एवं निंदनीय हैं। पीड़ित परिवार की मांगों को ध्यान में रखते हुए शासन और प्रशासन लगातार कदम उठा रहा है।
प्रशासनिक स्तर पर संजय गांधी अस्पताल के डीन को बदला गया है।संबंधित चिकित्सकों के तबादले और उन्हें पद से पृथक करने की कार्रवाई की गई है। नियमानुसार जांच समिति गठित की गई है। माननीय न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत जांच रिपोर्ट में लापरवाही सिद्ध होते ही संबंधितों पर एफआईआर और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस के प्रदर्शन और बयानबाजी पर निशाना कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन और उसमें प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित अन्य नेताओं की उपस्थिति का उल्लेख करते हुए द्विवेदी ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। किसी भी जांच प्रक्रिया को दरकिनार कर केवल राजनीति चमकाने के उद्देश्य से संस्थान की साख खराब करना उचित नहीं है।
उन्होंने मीडिया के माध्यम से जनता से अपील की कि कानून व्यवस्था और प्रशासनिक जांच पर भरोसा रखें, सरकार निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
Huzur Nagar, Rewa | Sep 13, 2026