रोमांच और उत्साह के साथ 70वीं राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
राज्यमंत्री श्री Dilip Ahirwar ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन, बोले- खिलाड़ी अपना रास्ता स्वयं तय करें
सदर विधायक श्रीमती ललिता यादव ने जल्द एक और स्टेडियम की सौगात मिलने की बात कही
--
खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देने और विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से 70वीं राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में रोमांच और उत्साह के साथ हुआ। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और संस्थाओं से आए खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट के साथ स्टेडियम में प्रवेश किया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ी अपने भविष्य की राह स्वयं तय करें। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपने प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
सदर विधायक श्रीमती ललिता यादव ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी आगे बढ़ना चाहिए। खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ व्यक्तित्व को भी निखारते हैं। उन्होंने छतरपुर के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए जल्द ही एक और स्टेडियम की सौगात मिलने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।
जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया ने जिला प्रशासन की ओर से देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा किसी भी खिलाड़ी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी पीके रैकवार ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रतियोगिता को छतरपुर के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड सहित केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री मनीष रूसिया, सहायक संचालक श्री आरपी प्रजापति एवं देशभर से आए कोच, पर्यवेक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य श्रीनिवास नायक, श्री राजीव पटेरिया एवं श्री कुलदीप खरे ने किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने अहीर भैरव राग पर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं मरिया माता विद्यालय के विद्यार्थियों ने नृत्य के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। क्रिश्चियन इंग्लिश स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने भी नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही दिवारी पाई-डंडा पार्टी महोबा के कलाकारों ने पारंपरिक दिवारी नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर समारोह की गरिमा बढ़ाई।
पहले दिन 22 टीमों के बीच खेले गए 11 रोमांचक मुकाबले
70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत 14 वर्ष बालक वर्ग में पहले दिन चार अलग-अलग मैदानों पर 22 टीमों के बीच 11 मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर और विद्याभारती के बीच हुए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने 7-0 से जीत दर्ज की। वहीं मणिपुर ने उड़ीसा को 10-0 से पराजित किया।
महर्षि विद्यामंदिर मैदान पर सीआईएससीई ने कर्नाटक को 5-1 से हराया। उत्तर प्रदेश ने पांडिचेरी के विरुद्ध 8-0 से जीत हासिल की, जबकि पश्चिम बंगाल और असम के बीच खेला गया मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
डीपीएस मैदान पर छत्तीसगढ़ ने महाराष्ट्र को 3-1 से हराया। झारखंड ने आईबीएसओ को 5-0 से शिकस्त दी, जबकि हिमाचल प्रदेश ने दादर एवं नगर हवेली के विरुद्ध 3-1 से जीत दर्ज की।
इसी तरह सुमति एकेडमी मैदान पर केरलम ने तमिलनाडु को 3-1 से पराजित किया। पंजाब ने उत्तराखंड को 2-0 से हराया। वहीं एनवीएस ने लक्ष्यद्वीप के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन करते हुए 8-0 से एकतरफा जीत हासिल की। प्रतियोगिता के पहले दिन हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने लायक रही।
Jansampark Madhya Pradesh
#chhatarpur