चंदवारा घोरवाटांड़ में नाली नहीं बनने से सड़क पर जलभराव, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
चंदवारा प्रखंड की चंदवारा पूर्वी पंचायत के घोरवाटांड़ गांव में नाली निर्माण के अभाव में घरों से निकलने वाला गंदा पानी मुख्य सड़क पर जमा हो रहा है। इससे सड़क पर जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है और लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को 12 बजे ग्रामीण अशोक सोनी ने बताया कि घोरवाटांड़ से नीचे बस्ती तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल सवार, स्कूली वाहन तथा पैदल यात्री गुजरते हैं। सड़क पर पानी जमा रहने के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।जलभराव से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें गंदे पानी के बीच होकर आवागमन करना पड़ता है। वहीं सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों की संख्या भी बढ़ रही है, जिससे विभिन्न बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र नाली निर्माण कराने और जर्जर सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।