कोडरमा में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ 15 से 26 जून तक चलने वाले विशेष नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की शुरुआत सोमवार को समाहरणालय परिसर से की गई। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता और उप विकास आयुक्त रवि जैन ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में भ्रमण कर रथों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।