कोटा में 15 हजार का इनामी गांजा तस्कर गिरफ्तार, एक साल से था फरार
रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस की कार्रवाई; इमरान को गांजा सप्लाई करने का आरोप, आरोपी के खिलाफ 17 मामले दर्ज
कोटा। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक साल से अधिक समय से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी हरिराम मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे बूंदी जिले के केशोरायपाटन क्षेत्र के गांव तीरथ से पकड़ा। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में लड़ाई-झगड़े, जुआ-सट्टा, अवैध शराब और मादक पदार्थ तस्करी सहित 17 मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचंद्र मिश्रा के निर्देशन, वृत्ताधिकारी राजेश टेलर के सुपरविजन और रेलवे कॉलोनी थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।
2.9 किलो गांजा और तीन लाख रुपये मिले थे
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2025 को इमरान खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 900 ग्राम गांजा और तीन लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे। इस संबंध में रेलवे कॉलोनी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण संख्या 219/2025 दर्ज किया गया था।
अनुसंधान में हरिराम मीणा की ओर से इमरान को गांजा सप्लाई किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद से हरिराम फरार चल रहा था। गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से पकड़ा
पुलिस टीम ने मुखबिरों से मिली जानकारी, तकनीकी सहायता और आसूचना संकलन के आधार पर तलाश करते हुए 26 अक्टूबर 2026 को हरिराम मीणा को गांव तीरथ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 50 वर्षीय हरिराम मीणा बूंदी जिले के केशोरायपाटन थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ केशोरायपाटन, तालेड़ा, लाखेरी और गेण्डोली थानों के साथ कोटा के रेलवे कॉलोनी थाने में भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ और मामले में आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: हरिराम मीणा (50), निवासी गांव तीरथ, थाना केशोरायपाटन, जिला बूंदी।
#KotaNews #KotaPolice #RajasthanNews
Ladpura, Kota | Oct 28, 2026