गुमशुदा बुजुर्ग की हत्या कर शव को जलाने के सनसनीखेज मामले का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार।
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को सुनसान स्थान पर ले जाकर आग लगाकर किया था नष्ट।
कब्जा से मृतक की 1 अंगूठी बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 19 जून । 14 जून को पुलिस थाना सैक्टर-37, गुरुग्राम में एक व्यक्ति द्वारा अपने 64 वर्षीय पिता बलराम निवासी खांडसा, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के गुम होने संबंधी शिकायत दी गई। प्राप्त शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना सैक्टर-37, गुरुग्राम में अभियोग अंकित किया गया तथा गुमशुदा व्यक्ति की तलाश व मामले की जांच प्रारम्भ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना तंत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर गहन जांच की गई। जांच के दौरान एकत्रित साक्ष्यों एवं तथ्यों से ज्ञात हुआ कि गुमशुदा बुजुर्ग की हत्या कर दी गई थी तथा हत्या के बाद आरोपियों द्वारा साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को सुनसान स्थान पर ले जाकर आग के हवाले कर दिया गया था।
पुलिस थाना सैक्टर-37, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने मामले में लगातार जांच, पूछताछ एवं साक्ष्य संकलन करते हुए वारदात में संलिप्त 3 आरोपियों को 19 जून को बीकानेर टी-प्वाइंट, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान विशेष तोमर (उम्र 18 वर्ष) निवासी शामली, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), मिथुन (उम्र 30 वर्ष) निवासी फकाना, तहसील सिकंदराबाद, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) तथा संदीप (उम्र 41 वर्ष) निवासी तहसील खरखौदा, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी मिथुन गुरुग्राम में ऑटो चलवाने का कार्य करता है, जबकि आरोपी विशेष व संदीप गुरुग्राम में पशुपालन का कार्य करते हैं तथा खांडसा क्षेत्र में रहते थे। आरोपियों ने बताया कि मृतक आए दिन उनके साथ गाली-गलौज करता था। 12/13 जून की रात को भी मृतक बलराम द्वारा उनके साथ गाली-गलौज की गई थी, जिसके चलते तीनों आरोपियों ने मिलकर मृतक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी संदीप व विशेष तोमर ने मृतक के शव को मोटरसाइकिल पर रखकर लगभग 500 मीटर दूर गांव खांडसा स्थित पीछे खाली स्थान पर पहुंचाया तथा साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को आग लगा दी। आरोपियों ने शव के पूरी तरह जल जाने तक वहीं रुककर निगरानी की और उपरोक्त हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपियों ने मृतक के हाथ से अंगूठी निकालकर लगभग 70 हजार रुपये में एक सुनार को बेच दी थी। पुलिस टीम द्वारा अभियोग में उक्त 1 अंगूठी बरामद कर ली गई है।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी संदीप के विरुद्ध हत्या करने के तहत 1 अभियोग जिला सोनीपत (हरियाणा) में तथा आरोपी मिथुन के विरुद्ध मारपीट करने के तहत 1 अभियोग जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) व 1 अभियोग जिला गुरुग्राम (हरियाणा) में पहले भी अंकित है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात में प्रयोग साधनों की बरामदगी, अन्य साक्ष्यों के संकलन तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा सके। अभियोग का अनुसंधान जारी है।