मकान से चोरी करने के मामले में 1 आरोपी गिरफ्तार
कब्जा से लगभग 4.5 लाख रुपए की कीमत के सोने चांदी के आभूषण, 40 हजार रुपए की नगदी, 1 मोबाइल फोन व 1 चेक बुक बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग,19 जून । 15 जून को एक व्यक्ति ने थाना भौंडसी, गुरुग्राम में एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि धुनेला में इनके मकान में अहमद नामक व्यक्ति बढ़ई का काम करने आया था। 10 जून को जब ये घर पर नहीं थे तब अहमद काम करके चला गया। जब इन्होंने 14 जून को देखा तो इनको ज्ञात हुआ कि अहमद इनके मकान से इनकी अनुपस्थित में नगदी, आभूषण व अन्य सामान चोरी करके ले गया। प्राप्त शिकायत पर पुलिस थाना भौंडसी, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा सोहना, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में 1 आरोपी को दिनांक 18 जून को यमुनानगर से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अहमद जान (उम्र-25 वर्ष) निवासी गांव बलाई जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी कारपेंटर का काम करता है। आरोपी उपरोक्त अभियोग में शिकायतकर्ता का जानकार है। आरोपी ने शिकायतकर्ता के घर काम करने के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम दिया तथा चोरी करके अन्य काम पर यमुनानगर चला गया तथा शिकायतकर्ता के लगातार संपर्क में रहा जिससे कि शिकायतकर्ता को इस पर शक ना हो।
आरोपी के कब्जा से लगभग 4.5 लाख रुपए की कीमत के सोने चांदी के आभूषण, 40 हजार रुपए की नगदी, 1 मोबाइल फोन व 1 चेक बुक बरामद की गई है।
अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग अनुसंधानाधीन है।