बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रानी एक पंचायत के नारेपुर पश्चिम गांव में शनिवार देर रात एक किशोर को सांप ने काट लिया। इसके बाद परिजनों द्वारा आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उक्त बालक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान रानी एक पंचायत के वार्ड संख्या 5 नारेपुर पश्चिम गांव निवासी धर्मेंद्र यादव के लगभग 12 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है।
मृतक की मां रंजू देवी ने बताया कि रात करीब 1 बजे नीरज पेशाब करने कमरे से बाहर निकला था। पांच मिनट बाद वह वापस आया और बताया कि उसे सांप ने काट लिया है।
इसके बाद मैने अपने देवर रविन्द्र यादव को जगाया और पूरी बात बताई। उन्होंने तुरंत इलाज के लिए नीरज को लेकर अस्पताल निकल गए।
लेकिन डॉक्टर के पास पहुंचने से पहले ही नीरज बाइक पर से लड़खड़ाकर नीचे गिर गया। जब उसे देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी।
नीरज अपने माता-पिता के तीन बच्चों में दूसरे नंबर पर था। उसकी एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई है। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और इलाके में मातमी सन्नाटा छा गया है।
इस दुखद घड़ी में पंचायत समिति सदस्य सिकंदर कुमार, मुखिया प्रतिनिधि प्यारे दास और पूर्व मुखिया उमेश कुमार कवि सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और अन्य लोगों ने पहुंचकर सांत्वना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार का ढाढस बढ़ाया।
घटना की सूचना मिलने पर बछवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करते हुए कागजी प्रक्रिया कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।
इस संबंध में इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि सर्पदंश से एक किशोर की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।