*विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने जौरा में महिला पार्क का किया लोकार्पण*
*गांधी प्रतिमा का अनावरण एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का किया भूमि पूजन*
*लगभग सवा करोड़ रुपये के विकास कार्यों की दी सौगात*
मुरैना, मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने बुधवार को जौरा नगर पालिका परिषद द्वारा लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला पार्क का लोकार्पण, महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण तथा पंचबीघा क्षेत्र में निर्मित होने वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन किया।
कार्यक्रम में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, पूर्व विधायक जौरा सूबेदार सिंह रजौधा, समाजसेवी डॉ. योगेशपाल गुप्ता, हमीर सिंह पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जौरा शुभम शर्मा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अखिल माहेश्वरी तथा पूर्व विधायक श्री सूबेदार सिंह रजौधा ने महिला पार्क का लोकार्पण किया। इसी अवसर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। साथ ही पंचबीघा क्षेत्र में निर्मित किए जाने वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि नगर पालिका परिषद जौरा द्वारा अध्यक्ष श्री अखिल माहेश्वरी के नेतृत्व में नगर के विकास एवं आधारभूत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से नगर की सौंदर्यवृद्धि तथा नागरिकों की आवश्यकताओं की पूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है। शासन की मंशा के अनुरूप जनसुविधाओं का विस्तार एवं विकास कार्यों का लाभ आमजन तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
इस अवसर पर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अखिल माहेश्वरी तथा पूर्व विधायक श्री सूबेदार सिंह रजौधा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने जौरा नगर में संचालित विकास कार्यों तथा आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।