*खेती बचाओ अभियान का बावल में होगा समापन समारोह*
30 जून को प्रस्तावित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे अध्यक्षता*
*-डीसी अभिषेक मीणा ने आयोजन स्थल का दौरा कर तैयारियों का लिया जायजा*
*रेवाड़ी, 28 जून।*
जिला के बावल में 30 जून को आयोजित होने वाले 'खेती बचाओ अभियान' के समापन समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। कृषि महाविद्यालय बावल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में केंद्रीय सांख्यिकी, योजना एवं संस्कृति राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री हरियाणा श्री श्याम सिंह राणा और बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। समारोह में मुख्यमंत्री बावल क्षेत्र की करोड़ों रुपए की योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
डीसी अभिषेक मीणा ने एसपी हेमेंद्र मीणा के साथ समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों एवं आमजन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करे। एसडीएम बावल संजीव कुमार ने प्रशासनिक और महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. नरेश कौशिक ने कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से की गई तैयारियों के बारे में अवगत करवाया।
डीसी ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, सुचारु यातायात व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं को भी पूरी तरह सतर्क रहने के लिए कहा। विभागीय अधिकारियों ने समारोह को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए आश्वत किया कि समारोह को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
--------
Rewari, Rewari | Jun 28, 2026