नशा तस्करों के आर्थिक साम्राज्य पर बिलासपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
हालिया मामलों में 1.66 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई, इस साल अब तक 3.01 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
बिलासपुर, 12 नवंबर। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए बिलासपुर पुलिस ने अब नशा कारोबार से अर्जित संभावित अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने हालिया मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,66,67,733 रुपये की संपत्ति फ्रीज की है।
बिलासपुर पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक नशा तस्करी से जुड़े मामलों में कुल 3,01,83,975 रुपये की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। इस कार्रवाई को नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ कार्रवाई अब केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से बनाई गई संपत्तियों और आर्थिक साम्राज्य पर भी सीधा प्रहार किया जा रहा है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य नशे के कारोबार की जड़ों को खत्म कर समाज को नशामुक्त बनाना है।