मुख्यमंत्री सुक्खू के होली दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी मुकेश रेपस्वाल ने परखी तैयारियां
22 अक्तूबर को सुटकर गांव में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम, 23 अक्तूबर को पीएम श्री स्कूल होली में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चंबा, 19 अक्तूबर।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के 22 एवं 23 अक्तूबर को जनजातीय क्षेत्र होली के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर संबंधित विभागों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने ग्राम पंचायत होली के सुटकर गांव का भी दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुटकर गांव में 22 अक्तूबर की शाम मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होली का निरीक्षण भी किया। इस विद्यालय में 23 अक्तूबर को मुख्यमंत्री विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से आमजन की सुविधा का ध्यान रखने और कार्यक्रमों के दौरान लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने पर जोर दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, प्रदेश यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष चन्द्रमणी कुलेठी, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, एडीएम भरमौर विकास शर्मा, एसडीएम अजय सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, विद्युत विभाग से राजीव ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, खंड विकास अधिकारी संजय वर्मा, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा और होली के उपप्रधान रमेश चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Dharwala, Chamba | Oct 19, 2026