मुख्यमंत्री सुक्खू का भरमौर दौरा तय, दो दिन होली में रहेगा प्रवास; विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास से साधेंगे सियासी समीकरण
22 अक्तूबर को होली पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, जनसभा के जरिए जनता से करेंगे संवाद; 23 अक्तूबर को पीएम श्री स्कूल के विद्यार्थियों से भी करेंगे बातचीत
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो | भरमौर
जनजातीय क्षेत्र भरमौर-पांगी में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का दो दिवसीय दौरा तय हो गया है। मुख्यमंत्री 22 और 23 अक्तूबर को भरमौर विधानसभा क्षेत्र के होली प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ जनसभा में लोगों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास कार्यों के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीमित संसाधनों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले जनजातीय क्षेत्र में विकास की जरूरतों को लेकर स्थानीय लोगों को मुख्यमंत्री से कई उम्मीदें हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 22 अक्तूबर को दोपहर 12:20 बजे होली हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वह निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री जनसभा में शामिल होकर जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वह लाके वाली माता मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव सूटकर गांव में प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री के दौरे के दूसरे दिन, 23 अक्तूबर को, वह पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला होली के विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे हेलीकॉप्टर से वापस रवाना होने का कार्यक्रम है।
विकास परियोजनाओं पर रहेंगी क्षेत्रवासियों की निगाहें
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्सुकता है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाएं भरमौर क्षेत्र के प्रमुख मुद्दे रहे हैं। ऐसे में लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान क्षेत्र के लिए किन नई योजनाओं और विकास कार्यों की घोषणा करते हैं। साथ ही, पहले से लंबित मांगों और विकास परियोजनाओं को लेकर सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, यह भी अहम रहेगा।
ललित ठाकुर बोले—मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर लोगों में उत्साह
एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के होली प्रवास को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। इस दौरे से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का जनजातीय क्षेत्र में पहुंचना यहां की जनता के लिए महत्वपूर्ण है।
राजनीतिक दृष्टि से भी मुख्यमंत्री का यह दौरा अहम माना जा रहा है। एक ओर कांग्रेस संगठन और स्थानीय नेताओं के लिए यह सरकार के विकास कार्यों को जनता के सामने रखने का अवसर होगा, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के लोग मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं और लंबित मांगें उठाने की उम्मीद कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें मुख्यमंत्री के संबोधन, संभावित घोषणाओं और क्षेत्र को मिलने वाली विकास परियोजनाओं पर टिकी हैं।
हौली- उतराला सड़क निर्माण पर लोगों को दे सकते हैं मुख्यमंत्री सौगात
इस मौके पर मुख्यमंत्री क्षेत्र वासियों को होली उतराला सड़क को लेकर बड़ी घोषणा कर सकते हैं जिनको लेकर लोगों को वर्षों से इंतजार है