बहराइच: गाँव डूबे, चले नाव... महसी के पूरे प्रसाद सिंह गाँव ।
महसी इलाके के पूरे प्रसाद सिंह गाँव में बाढ़ के पानी ने भारी तबाही मचाई है। गाँव की सड़कें, गलियाँ और घर जलमग्न हो चुके हैं। आम लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और स्थिति ऐसी है कि गाँव में अब नाव चल रही है।
ग्रामीण अपने घरों में पानी भरने के बाद सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जरूरी सामान और मवेशियों को लेकर पलायन करने को मजबूर हैं।
ये तस्वीरें बहराइच जिले के महसी क्षेत्र स्थित पूरे प्रसाद सिंह गाँव की हैं। जहाँ तक नजर जाए, सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है। घरों के आँगन से लेकर गाँव के रास्तों तक बाढ़ का पानी तैर रहा है। जो गलियाँ कभी चहल-पहल से भरी रहती थीं, वहाँ आज नावें चल रही हैं। गाँव के लोग अपनी जान और माल बचाने के लिए लाचार नज़र आ रहे हैं।
पानी का स्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। लोग छतों पर शरण लेने को मजबूर हैं, तो कई परिवार अपना गृहस्थी का सामान, अनाज और कपड़े सिर पर उठाकर ऊँचे और सुरक्षित स्थानों की ओर पैदल और नावों के सहारे जा रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों की हालत सबसे ज़्यादा खराब है। पीने के साफ पानी और खाने के राशन का संकट खड़ा हो गया है।
आफत के इस पानी में महसी के लोग हर पल संघर्ष कर रहे हैं।