बहराइच में व्यवसायी की मौत पर भड़का गुस्सा: सीसीटीवी में सामने आई जानबूझकर टक्कर मारने की बात, युवाओं ने निकाला कैंडल मार्च
बीते 29 अगस्त को कोतवाली देहात क्षेत्र के वन विभाग कार्यालय के सामने एक बेकाबू चार पहिया वाहन ने स्कूटी सवार प्रसिद्ध मिठाई व्यवसायी और समाजसेवी मानस यज्ञसेनी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन चालक उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे मानस यज्ञसेनी की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। फुटेज के आधार पर स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक ने अनजाने में नहीं, बल्कि जानबूझकर गाड़ी मानस यज्ञसेनी पर चढ़ाई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार तो किया, लेकिन कुछ ही दिनों में उसे जमानत मिल गई। आरोपी की रिहाई से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
आरोपी को मिली जमानत और पुलिस की ढीली कार्रवाई के विरोध में शनिवार शाम को बहराइच के युवाओं ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। कटी चौराहा निवासी मृतक समाजसेवी को न्याय दिलाने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथ में मोमबत्तियां लेकर कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान युवाओं ने जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपी की जमानत रद्द कर सख्त सजा देने की मांग की।
स्थानीय निवासियों और पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर सीसीटीवी फुटेज में हत्या की नीयत साफ नजर आ रही है, तो आरोपी पर संबंधित कड़ी धाराओं के तहत मुकदमा चलाकर कार्रवाई होनी चाहिए।
अब देखना यह होगा कि जन आक्रोश के बाद पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या नया कदम उठाता है।