मीरजापुर: बल्लीपरवा क्षेत्र के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनी सरदार पटेल जयंती, राष्ट्रीय एकता दिवस पर हुए कार्यक्रम
मीरजापुर।कोन ब्लॉक के बल्लीपरवा क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र कोल्हुआ, गहिया, रामपुर सहित विभिन्न केंद्रों पर आज शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्राथमिक विद्यालय कोल्हुआ में प्रभारी प्रधानाध्यापक पूनम गुप्ता के नेतृत्व में कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर पूनम गुप्ता ने कहा कि आजादी के बाद 550 से अधिक रियासतों का भारत में विलय कराने में सरदार पटेल का अमूल्य योगदान था। उन्होंने बच्चों से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की अपील की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता देवी और मधुलिका देवी ने कहा कि सरदार पटेल ने कठिन परिस्थितियों में देशहित में कड़े फैसले लिए। उन्होंने बच्चों से पटेल के जीवन से अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति की सीख लेने को कहा।
शिक्षा मित्र भोला यादव ने कहा कि पटेल जयंती मनाने का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी तक एकता और अखंडता का संदेश पहुंचाना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पिंकी विश्वकर्मा ने बताया कि बच्चों के लिए भाषण, निबंध प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।