तीन दिन में दो बाइक चोरी का खुलासा: दमोह पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, तीन बाइक बरामद
दमोह। शहर में लगातार सामने आई बाइक चोरी की घटनाओं का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि 23 जून 2026 को वसुंधरा कॉलोनी निवासी कृष्णकांत मिश्रा की मोटरसाइकिल डायमंड पार्क के पास से चोरी हो गई थी। इस संबंध में कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद 26 जून को सिंचाई कॉलोनी निवासी रमाकांत सेन की बाइक भी अज्ञात चोर चुरा ले गए। लगातार तीन दिन के भीतर दो बाइक चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर पलंदी चौराहा निवासी 26 वर्षीय निशांक पिता नरेश विश्वकर्मा, गौरीशंकर मंदिर के पास निवासी 24 वर्षीय हर्ष पिता हेमराज विश्वकर्मा तथा नोहटा थाना क्षेत्र के हिनौती टेकसिंह निवासी 30 वर्षीय सुनील उर्फ लोचन पिता उजियार ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में निशांक और हर्ष ने डायमंड पार्क से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही दोनों ने सागर के संजय ड्राइव क्षेत्र से भी एक बाइक चोरी करना कबूल किया। वहीं सुनील उर्फ लोचन ने सिंचाई कॉलोनी से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीनों मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर ली हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
Damoh, Damoh | Jul 1, 2026