नवागत एसपी विनय कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
गाजीपुर। नवागत पुलिस अधीक्षक आईपीएस विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय परिसर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों से लंबित फाइलों, जनशिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय स्थित आईजीआरएस सेल, शिकायत प्रकोष्ठ, आंकिक शाखा, एलआईयू (स्थानीय अभिसूचना इकाई), साइबर सेल समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए अभिलेखों के रखरखाव और लंबित मामलों की स्थिति को परखा।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यालय में सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस कार्यालय में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले फरियादियों और आम नागरिकों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करने के आवश्यक निर्देश दिए।