#गाजीपुर: नोनहरा में लापता बाबूराम उर्फ विक्की का शव बरामद, ग्रामीणों में आक्रोश
मगई नदी में लापता हुए युवक का शव शुक्रवार सुबह मिला, ग्रामीणों ने शुरू किया धरना-प्रदर्शन; मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण और एडीएम
गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के चक कमरैरा गांव में 7 अक्टूबर को पैमाइश के दौरान हुए विवाद के बाद मगई नदी में लापता हुए बाबूराम उर्फ विक्की का शव शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे सम्मनपुर नदी से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और महिलाओं ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि 7 अक्टूबर को गांव में पैमाइश के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद एवं मारपीट की घटना हुई थी। इसी दौरान भागते समय बाबूराम उर्फ विक्की के नदी में गिरकर लापता होने की बात सामने आई थी। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार सुबह शव बरामद होने के बाद मामला और गरमा गया।
मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर और एडीएम (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने तथा स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं।
गांव में तनाव, निष्पक्ष जांच की मांग
शव बरामद होने के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के धरना-प्रदर्शन और उनकी मांगों के बीच प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रहा है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
फिलहाल सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई और ग्रामीणों की मांगों पर टिकी हैं।