जमुई: फंस गए लोजपा नेता, बेडरूम से मिला प्रतिबंधित कफ सिरप
गुप्त सूचना के आधार पर मलयपुर थाना की पुलिस ने लोजपा नेता के घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप और शराब बरामद की है, जबकि आरोपित नेता रोहित साह फरार हो गया। मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। आरोपित रोहित साह मलयपुर थाना क्षेत्र के पतौना गांव निवासी जय किशोर साह के पुत्र हैं, जो लोजपा के खेल प्रकोष्ठ का जिला उपाध्यक्ष बताए जाते हैं।
पुलिस के आवेदन के अनुसार, 5 अक्टूबर को करीब 10 बजे मलयपुर थाना की पुलिस टीम संजीव कुमार, विरेंद्र कुमार, प्रसाद कुमार, अभिषेक प्रसाद, अर्पणा कुमारी, रिद्धि पासवान और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गश्ती एवं छापेमारी के लिए निकली थी। इसी दौरान पतौना चौक के पास सूचना मिली कि चौक से करीब 100 मीटर पूरब सड़क किनारे बाईं ओर स्थित रोहित कुमार साह के घर में प्रतिबंधित कफ सिरप और शराब रखी गई है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। छापेमारी के दौरान रोहित कुमार घर पर मौजूद नहीं मिले। हालांकि, उनके घर के बेडरूम से OLD HABBL WHISKY की 375 एमएल की एक बोतल और ONC SCEN कफ सिरप की 100 एमएल की 14 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस के आवेदन में शराब की बोतल का सील टूटा होने का भी उल्लेख है।
मामले को लेकर लोजपा के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा मामला सामने आया है तो वह खेल प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति को सामने आकर मामले का सामना करना चाहिए और यदि मामला सही है तो पुलिस अपना काम करेगी।
वहीं, लोजपा खेल प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मुकेश साह ने बताया कि करीब तीन महीने पहले प्रदेश अध्यक्ष के स्तर से रोहित साह को जिला उपाध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया था। उन्होंने कहा कि रोहित साह की इस तरह की गतिविधियों के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। #jamuinews #jamuiPolice #CrimeAlert #crime #LJP
Jamui, Jamui | Oct 11, 2026