समाहरणालय से ज्ञान भवन के लिए रवाना हुए 27 प्रतिभागी
9 विद्यालयों के 18 विद्यार्थी और नौ शिक्षक राज्य स्तरीय सम्मेलन में हुए शामिल
जहानाबाद। निर्वाचन प्रक्रिया में शिक्षा जगत की भूमिका एवं तकनीकी उपयोग को लेकर आयोजित राज्य स्तरीय रीजनल कांफ्रेंस ऑन ईएलसी एवं ईसीआईनेट (ELC एवं ECINET) में भाग लेने के लिए जिले के नौ विद्यालयों के 18 विद्यार्थी और नौ शिक्षक व विद्यालय प्रतिनिधि सोमवार को पटना के लिए रवाना हुए। कुल 27 प्रतिभागियों को सुबह 8:30 बजे समाहरणालय परिसर से बस द्वारा पटना स्थित ज्ञान भवन के लिए रवाना किया गया।
बस को रवाना करने के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुजीत कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शिक्षा विभाग रमेश कुमार पाल, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जहानाबाद नीरज कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी घोसी अफाक अंसारी तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी काको विपुल कुमार मिश्रा मौजूद रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सम्मेलन में सक्रिय रूप से सहभागिता करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सफल एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं। इसके बाद निर्धारित समय पर बस को समाहरणालय परिसर से ज्ञान भवन, पटना के लिए रवाना किया गया।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में निर्वाचन प्रक्रिया में शिक्षा जगत की भूमिका तथा ईएलसी और ईसीआईनेट के तकनीकी उपयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जा रही है। सम्मेलन में जहानाबाद जिले के चयनित विद्यार्थी एवं शिक्षक हिस्सा ले रहे हैं। संबंधित आदेश में जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों से प्रतिभागियों के सम्मेलन में शामिल होने का उल्लेख किया गया है।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 17, 2026