बच्चों के विवाद में हुई मारपीट की रंजिश रखते हुए 35 वर्षीय व्यक्ति की मारपीट करके हत्या करने के मामले में 10 आरोपी गिरफ्तार।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 1 सितंबर । 31 अगस्त को पुलिस थाना सैक्टर-40, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक सूचना सैक्टर-45, गुरुग्राम में लड़ाई-झगड़ा होने के संबंध में प्राप्त हुई। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहाँ पर ज्ञात हुआ कि मारपीट में घायल व्यक्ति को अस्पताल लेकर गए है। पुलिस टीम द्वारा सीन ऑफ क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि मरपीट में घायल हुए व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। पुलिस टीम द्वारा आगामी कार्यवाही करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।
मृतक की पत्नी ने पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 30 अगस्त को राहुल, आकाश नामक व्यक्ति सैक्टर-45, गुरुग्राम मार्केट के पास इनकी झुग्गी में आये और बच्चों के झगड़े को लेकर इनके साथ बहस करने लगे। इसी दौरान इनकी हाथापाई हो गई जिसमें आकाश व सुनील को चोट लगी। इसके बाद 31 अगस्त को राहुल व उसके साथियों ने लाठी, डंडे, चाकू व अन्य हथियारों से लैस होकर इसके पति बाबूलाल (उम्र-35 वर्ष) निवासी गांव हिनौता जिला दमोह, मध्य-प्रदेश को झुग्गी से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की, मारपीट में लगी चोटों के कारण अस्पताल ले जाते समय इसके पति की मृत्यु हो गई। प्राप्त शिकायत पर थाना सैक्टर-40, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना सैक्टर-40, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में 10 आरोपियों को 1 सितंबर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान नारायण निवासी गांव हटा, जिला दमोह, मध्य-प्रदेश, प्रमोद निवासी सुरेखा कॉलोनी, जिला दमोह, मध्य-प्रदेश, रफीफुल आलम उर्फ मुन्ना निवासी गांव धुमसरगाछी, जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल, रणेश निवासी गांव सोजना, जिला दमोह, मध्य-प्रदेश,राहुल निवासी गांव बटियागढ़, जिला दमोह, मध्य-प्रदेश,अनिल निवासी गांव सोजना, जिला दमोह, मध्य-प्रदेश, बिजू निवासी गांव इमलिया रावल, जिला दमोह, मध्य-प्रदेश, बालकिशन निवासी गांव हटा, जिला दमोह, मध्य-प्रदेश, राजाराम निवासी गांव पपरिया साई, जिला दमोह, मध्य-प्रदेश तथा रकीबुल उर्फ राकेश निवासी गांव मुर्शिदाबाद, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम-बंगाल के रूप में हुई। सभी आरोपी वर्तमान में गांव समसपुर व कन्हई, गुरुग्राम में झुग्गियों पर रहते हैं।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि 30 अगस्त को शिकायतकर्ता के बच्चे के साथ आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज की थी, जिसके बाद शिकायतकर्ता पक्ष ने आरोपी पक्ष के साथ मारपीट की थी। इसी मारपीट की रंजिश के चलते आरोपियों ने 31 अगस्त को उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम दिया था। सभी आरोपी गुरुग्राम में मेहनत मजदूरी का काम करते हैं।
आगामी पूछताछ व बरामदगी के लिए आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा। अभियोग का अनुसंधान जारी है।