केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन के बाद देर शाम अस्थायी रूप से बहाल हुआ मार्ग,
रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार को एक बार फिर भूस्खलन होने से यात्रा प्रभावित हो गई। गौरीकुंड गेट से लगभग 200 मीटर आगे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल आवाजाही रोक दी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया। गुरुवार सायंकाल मार्ग को अस्थायी रूप से आवाजाही योग्य बना दिया गया, जिसके बाद केदारनाथ धाम से लौट रहे तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। हालांकि, मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।