जलभराव से बेहाल सिटी हार्ट कॉलोनीवासी, डीएम को ज्ञापन देकर स्थायी समाधान की मांग
बरेली। स्टेडियम रोड स्थित पॉश सिटी हार्ट कॉलोनी में भीषण जलभराव की समस्या को लेकर कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की। रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश कुमार अरोड़ा समेत कॉलोनी के लोगों ने बताया कि बारिश के बाद कॉलोनी में करीब ढाई फीट तक पानी भर गया था। कॉलोनी के बीच में पानी करीब चार फीट तक पहुंच गया।
कॉलोनीवासियों के मुताबिक 160 घरों में से करीब 90 प्रतिशत घर जलभराव से प्रभावित हुए। चार से छह दिन तक पानी भरा रहने से घरों में रखा सामान, बेड, कपड़े, वॉशिंग मशीन समेत अन्य घरेलू सामान खराब हो गया। करीब 15 से 20 कारों में भी पानी घुसने से नुकसान हुआ।
ज्ञापन में हाजियापुर, रेजिडेंसी, कौशाम्बी, सिटी हार्ट और संजय नगर क्षेत्र के पानी की स्थायी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इस बार नुकसान काफी अधिक हुआ है। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की।
Bareilly, Bareilly | Sep 10, 2026