चित्रकूट से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव में भाजपा नेता के खाली प्लॉट में हुए भीषण विस्फोट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि घटनास्थल पर जमीन में बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास की दीवारों पर मिट्टी और कीचड़ के निशान दिखाई दिए। पेड़ों के पत्ते तक झड़ गए।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मौके पर कपड़ों के चिथड़े और मानव शरीर के अंग मिलने की सूचना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, प्लॉट के अंदर एक पैर मिला, जबकि करीब 300 मीटर दूर सड़क के दूसरी तरफ एक अन्य पैर मिलने की सूचना है।
घटना की सूचना मिलते ही पहाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला विस्फोट का प्रतीत हो रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए बांदा से विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है, जबकि लखनऊ से बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंच रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब दो दिन पहले गांव में एक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी थी, जो कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इसके बाद सड़क पर कुछ शरीर के अवशेष दिखाई दिए थे, लेकिन लोगों ने उन्हें किसी जानवर का अवशेष समझकर नजरअंदाज कर दिया।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर यह विस्फोट किस वजह से हुआ? मौके पर मिले मानव अंग किसके हैं? क्या विस्फोट में किसी व्यक्ति की मौत हुई है, या इसके पीछे कोई और वजह है?
फिलहाल पुलिस मानव अंगों की बरामदगी, मृतक की पहचान और विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
भाजपा नेता ने भी पहाड़ी थाने में तहरीर देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है।
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस रहस्यमयी विस्फोट से जुड़े कई बड़े राज सामने आने की उम्मीद है।