छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सक्रिय हुई पुलिस दीदी अभया ब्रिगेड, स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास लगातार निगरानी जारी।
शेखपुरा जिले में छात्राओं की सुरक्षा और उन्हें भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार के निर्देशानुसार शेखपुरा में पुलिस दीदी अभया ब्रिगेड द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, ट्यूशन सेंटरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाना है। इस अभियान के तहत सब इंस्पेक्टर सुमन कुमारी के नेतृत्व में पुलिस दीदी की टीम नियमित रूप से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल और निगरानी कर रही है। टीम में पुलिस दीदी सब इंस्पेक्टर सुमन कुमारी, शिवानी कुमारी, अंजना कुमारी एवं कंचन कुमारी शामिल हैं। टीम द्वारा पचना हाई स्कूल, डीएम हाई स्कूल, मुरलीधर मुरारका स्कूल, आरडी कॉलेज और श्यामा सरोवर पार्क सहित शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस दीदी की टीम विशेष रूप से स्कूल और कॉलेज की छुट्टी के समय, कोचिंग संस्थानों के आसपास तथा उन स्थानों पर नजर रख रही है, जहां छात्राओं की आना जाना अधिक रहती है। इसके साथ ही चौक-चौराहों, ट्यूशन सेंटरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस से संपर्क करने और तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सब इंस्पेक्टर सुमन कुमारी ने बताया कि शेखपुरा शहर के विभिन्न हिस्सों में संचालित कोचिंग संस्थानों के आसपास लगातार जांच-पड़ताल की जा रही है। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग,चौक-चौराहों और तीर्थ स्थलों पर पुलिस दीदी की टीम की निगरानी बनी हुई है। छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस दीदी द्वारा हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है, ताकि छात्राएं बिना किसी डर और झिझक के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। अभया ब्रिगेड का यह अभियान महिला सुरक्षा के साथ-साथ छात्राओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और निर्भीक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।