34 वर्षों से निभा रहे सेवा की परंपरा, छठ व्रतियों के बीच संजय वर्मा ने बांटी साड़ी और नगद राशि,
पिता ने 1992 में की थी शुरुआत, निधन के बाद पुत्र संजय वर्मा भाई-बहनों के सहयोग से बढ़ा रहे परंपरा; निजी तालाब में होता है छठ महापर्व का आयोजन,
शिवहर।आस्था परंपरा और समाजसेवा का संगम छठ महापर्व के अवसर पर पिपराही प्रखंड की कुअमा पंचायत में देखने को मिला। यहां पूर्व मुखिया सह राजद नेता संजय कुमार वर्मा उर्फ डब्बू ने शुक्रवार को जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच साड़ी और नगद राशि का वितरण किया। खास बात यह है कि उनके परिवार की ओर से यह सेवा कार्य वर्ष 1992 से लगातार किया जा रहा है। पिता के निधन के बाद भी संजय वर्मा अपने भाई-बहनों के सहयोग से इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कुअमा गांव स्थित संजय कुमार वर्मा के निजी तालाब में वर्ष 1992 से ही छठ महापर्व का आयोजन होता आ रहा है। इस तालाब से गांव के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। छठ के अवसर पर उनके परिवार की ओर से व्रतियों को साड़ी और नगद राशि देकर सहयोग करने की परंपरा भी चली आ रही है।
बताया जाता है कि इस परंपरा की शुरुआत संजय वर्मा के पिता ने की थी। वे प्रत्येक वर्ष छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री, साड़ी और नगद राशि का वितरण करते थे। उनके निधन के बाद संजय वर्मा ने अपने भाई-बहनों के साथ मिलकर इस सामाजिक जिम्मेदारी को संभाला और आज तक इसे निरंतर निभा रहे हैं।
इस मौके पर संजय कुमार वर्मा उर्फ डब्बू ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि पवित्रता, समर्पण, सामाजिक एकता और लोक कल्याण का भी संदेश देता है। जरूरतमंद छठ व्रतियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। छठी मैया की कृपा से ही उन्हें यह सेवा करने का अवसर मिलता है।
ग्रामीणों ने कहा कि बदलते समय में भी परिवार की ओर से दशकों पुरानी परंपरा को जीवित रखना समाज के लिए प्रेरणादायक है। इस तरह के कार्यों से समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
मौके पर नागा राय, जितेंद्र सिंह, अजय राय, नीरज श्रीवास्तव, उमेश राय, अंकित कुमार, रितेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।