बेगूसराय जिले के तेघड़ा और बछवाड़ा थाना क्षेत्रों में बुधवार रात एक पान मसाला कंपनी की लीगल टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में डुप्लीकेट पान मसाला और सिगरेट के खाली डिब्बे बरामद किए गए।
राज निवास पान मसाला कंपनी की लीगल टीम को सूचना मिली थी कि इन क्षेत्रों में उनकी कंपनी के मसाले और रैपर का बड़े पैमाने पर कॉपीराइट उल्लंघन किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने बेगूसराय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की योजना बनाई।
छापेमारी के दौरान तेघड़ा थाना क्षेत्र से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। वहीं, बछवाड़ा थाना क्षेत्र के गोधना गांव से स्वर्गीय रुद्रदेव पोद्दार के पुत्र अमरदीप पोद्दार नामक एक कारोबारी को भी पकड़ा गया।
कंपनी के लीगल एडवाइजर अभिषेक कुमार और वरिष्ठ कर्मचारी टंकण चक्रवर्ती ने बताया कि बछवाड़ा और तेघड़ा में की गई इन दो अलग-अलग छापेमारी में भारी मात्रा में डुप्लीकेट राज निवास कंपनी का पान मसाला, कॉपीराइट किए गए रैपर और एक हजार से अधिक गोल्ड फ्लैक कंपनी के खाली डिब्बे जब्त किए गए हैं। कुल तीन कारोबारियों को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इन कारोबारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और टैक्स राजस्व चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बछवाड़ा थानाध्यक्ष परेन्द्र कुमार ने भी गोधना गांव से डुप्लीकेट पान मसाला और सिगरेट के खाली डिब्बे बरामद होने की पुष्टि की। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।