पीएम सेतु के तहत कुरुक्षेत्र, कैथल व अंबाला 7 आईटीआई के कलस्टर पर खर्च किया जाएगा 320 करोड़ का बजट:नायब सिंह सैनी
युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩा सरकार की प्राथमिकता:मुख्यमंत्री
कलस्टर के तहत युवाओं को दिया जाएगा आधुनिक कौशल प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बहलोलपुर में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर का किया उद्घाटन
लाडवा क्षेत्र को 43 करोड़ 31 लाख रुपये की 6 विकास परियोजनाओं की दी सौगात,
केंद्र में प्रतिवर्ष 1000 से अधिक युवाओं को मिलेगा एआई, इलेक्ट्रिक वाहन, सौर ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण
बाबैन,15 नवंबर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 320 करोड़ की लागत से पीएम सेतु के अंतर्गत कुरुक्षेत्र, कैथल और अम्बाला की सात आईटीआई का भी आधुनिकीकरण करने जा रहे हैं। इन सेंटरों में आईटी, इंटरनेशनल मोबिलिटी, ब्यूटी एंड वेलनेस तथा ऑडियो वीडियो एंड ग्राफिक्स जैसे भविष्य के क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। नवीन अवसर कार्यक्रम के अंतर्गत एक वर्ष में 10,000 से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोडऩे का संकल्प लिया है। हमारा उद्देश्य युवाओं को जर्मनी, जापान, इटली, फिनलैंड और ओमान जैसे देशों में सम्मानजनक और सुरक्षित रोजगार उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव बहलोलपुर में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव बहलोलपुर महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर का लोकार्पण किया और लाडवा विधानसभा की 43 करोड़ 31 लाख रुपये की 6 विकास परियोजनाओं का उदघाटन और शिलान्यास किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्किल सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद किया। युवाओं द्वारा तैयार एग्रीटेक ड्रोन तकनीक को जाना और जॉब मेले का अवलोकन भी किया। इस दौरान कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद नवीन ङ्क्षजदंल, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के सपनों, संभावनाओं और आत्मनिर्भरता का नया द्वार है। इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनावों में किये वादे को पूरा करते हुए लगभग 45 करोड़ की लागत से कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर की स्थापना की है, जहां युवाओं को कौशल में प्रशिक्षित किया जा रहा है। कैथल में भी लगभग 3 करोड़ की लागत से आरकेएसडी-नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहा है। इसके साथ-साथ कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लगभग 20 शिक्षण संस्थानों में जाकर कैंपस इन कैंपस के तहत युवाओं को कौशल में प्रशिक्षित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका परिवार है। यहां के लोगों ने उन्हें जो स्नेह और विश्वास दिया है, उसी विश्वास के साथ क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर स्थापित यह केंद्र उनके शिक्षा, समानता और सामाजिक परिवर्तन के विचारों को आगे बढ़ाने का काम करेगा। महात्मा फुले ने सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर बेटियों की शिक्षा के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। आज इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए बेटियों और बेटों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
नवीन जिंदल फाउंडेशन के सहयोग से विकसित हुआ आधुनिक कौशल केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहलोलपुर स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले आईटीआई को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से सुसज्जित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर के कौशल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इस कार्य में सांसद नवीन जिंदल और नवीन जिंदल फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने इसके लिए सांसद नवीन जिंदल और फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन ने जर्मनी, जापान, फिनलैंड और मॉरीशस सहित कई देशों के साथ मोबिलिटी साझेदारियां की हैं, जिनके माध्यम से हरियाणा के 50 से अधिक युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसरों तक पहुंच मिली है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रशिक्षण की जिम्मेदारी निभा रहे नेट्टर टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन का अनुभव भी युवाओं के लिए लाभकारी साबित होगा। इस केंद्र ने बजाज ऑटो, नाइलिट, स्किल काउंसिल फॉर ग्रीन जॉब्स और नैसकॉम जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ साझेदारी की है। इससे युवाओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा।
प्रतिवर्ष 1000 से अधिक युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रोजगार की दुनिया तेजी से बदल रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रिक वाहन, सेमीकंडक्टर तकनीक, साइबर सुरक्षा, सौर ऊर्जा, ड्रोन और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में कुशल युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र में प्रतिवर्ष 1000 से अधिक विद्यार्थियों को अल्पकालिक प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, सौर ऊर्जा, प्राकृतिक खेती और सिलाई तकनीक सहित विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी पाने योग्य बनाना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला उद्यमी भी बनाना है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार ने नई स्टार्टअप नीति लागू की है। इसके तहत युवाओं को आर्थिक एवं तकनीकी सहायता देकर अपना उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। आज प्रदेश में 12 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं।
हरियाणा विजन-2047 में 50 लाख नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार ने हरियाणा विजन-2047 तैयार किया है। इसके तहत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने और 50 लाख नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन लक्ष्यों की प्राप्ति में शिक्षित, कुशल और आत्मविश्वासी युवाओं की अहम भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 27 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों ने 71 ट्रेडों में 40 उद्योगों के साथ समझौते किए हैं। गुरुग्राम और फरीदाबाद में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं, जबकि करनाल, पानीपत और पंचकूला में तीन जिला कौशल केंद्र खोले गए हैं। पीएम-सेतु योजना के तहत कुरुक्षेत्र आईटीआई क्लस्टर के लिए 320 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को स्वीकृति मिली है। इसके तहत कुरुक्षेत्र आईटीआई हब के रूप में कार्य करेगा और कुरुक्षेत्र, कैथल, पिहोवा, पबनावा तथा अंबाला सिटी के छह आईटीआई इससे जुड़ेंगे। जिंदल नवीन अवसर लिमिटेड इसमें एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में हरियाणा सरकार के साथ कार्य करेगी।
बिना पर्ची-बिना खर्ची लगभग 2 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने योग्यता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। पहले नौकरी के लिए पर्ची और खर्ची का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त किया है। पिछले 12 वर्षों में लगभग 2 लाख युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि हरियाणा का युवा विदेश जाए तो हुनर, सम्मान और सुरक्षा के साथ जाए, न कि डंकी रूट के माध्यम से। इसके लिए अवैध एजेंटों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कड़ा कानून बनाया गया है तथा विदेशों में शिक्षा और रोजगार के सुरक्षित अवसर उपलब्ध करवाने के लिए विदेश सहयोग विभाग का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की भागीदारी के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। हरियाणा विजन-2047 में महिला श्रमबल भागीदारी को 45 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। महात्मा फुले ने जिस बेटी के हाथ में किताब थमाने का कार्य किया था, आज यह कौशल केंद्र उसी बेटी के हाथ में हुनर देकर उसे आत्मनिर्भर बनाने का काम करेगा।
लाडवा क्षेत्र को 43.31 करोड़ रुपये की 6 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लाडवा विधानसभा क्षेत्र को कुल 43 करोड़ 31 लाख 8 हजार रुपये की छह विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 55.50 लाख रुपये की लागत से गांव खेड़ी दबदलान में नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा 42 करोड़ 75 लाख 58 हजार रुपये की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इन परियोजनाओं में गांव कोलापुर में 55.50 लाख रुपये की लागत से उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, लाडवा में 12 करोड़ 88 लाख 56 हजार रुपये की लागत से लोक निर्माण विश्राम गृह का निर्माण, जीटी रोड से गांव कोलापुर तथा बरगट चौक से सुनारिया चौक तक 15 करोड़ 3 लाख 54 हजार रुपये की लागत से सडक़ को फोरलेन करना, लाडवा में 4 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की लागत से डॉ. बीआर आंबेडकर भवन का निर्माण तथा इंद्री रोड पर 9 करोड़ 83 लाख 73 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र का निर्माण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों, साझेदार संस्थाओं और क्षेत्र के नागरिकों से आह्वान किया कि वे मिलकर इस कौशल केंद्र को सफल बनाएं, ताकि यहां से प्रशिक्षित होकर निकलने वाले युवा प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान चार संस्थाओं के साथ एमओयू हुआ साइन
कार्यक्रम के दौरान चार संस्थाओं के साथ मो साइन किया गया जिससे युवाओं को स्किल एवं कौशल का प्रशिक्षण मिलेगा। इनमें क्वेस्ट एलायंस के साथ 21वीं सदी के रोजगार कौशल प्रशिक्षण के लिए, एनआईआईटी के साथ : आईटी/आईटीईएस और उन्नत एआई प्रशिक्षण के लिए, एडुवेंटेज : डिजिटलीकृत शिक्षार्थी जीवनचक्र प्रबंधन प्रणाली और फीस्ट संस्थान के साथ वर्चुअल रियलिटी के लिए एमओयू शामिल है।
कैथल और कुरुक्षेत्र को शिक्षा व कौशल प्रशिक्षण की बनाएंगे राजधानी:नवीन जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में, महात्मा ज्योतिबा फुले के आशीर्वाद से कैथल और कुरुक्षेत्र को शिक्षा व कौशल प्रशिक्षण की राजधानी बनाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हमें इस आईटीआई के आधुनिकीकरण करने और चलाने की जिम्मेदारी दी है। आज मुझे यह बताते हुए बेहद गर्व और संतोष हो रहा है कि लगभग 9 करोड़ की लागत से महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर युवाओं को ट्रेनिंग दे रहा है। यहां प्रत्येक वर्ष 1,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोडऩे का लक्ष्य रखा है। इस सेंटर द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन विकसित भारत-2047 के अंतर्गत स्किल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले जी ने कहा था कि शिक्षा के अभाव में बुद्धि, विवेक, सही नीति, प्रगति और आर्थिक समृद्धि समाप्त हो जाती है, इसलिए शिक्षा ही व्यक्ति और समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी है। शिक्षा के साथ कौशल भी सामाजिक समानता, आत्मसम्मान और आर्थिक प्रगति का सबसे प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि वो बड़ा सपना देखो, निरंतर सीखते रहो और रोजगार देने वाले बनो। समय-समय पर आने वाली स्किल को सीखते रहें। कौशल से ही दुनिया जीती जा सकती है।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, जय भगवान शर्मा डीडी, चेयरमैन डा. गणेश दत्त, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, चेयरपर्सन साक्षी खुराना, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, सरपंच बहलोलपुर नेहा सैनी, नायब सिंह पटाक माजरा, संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह पूर्व आईएएस, सांसद नवीन जिन्दल के स्किल डेवलपमेंट सलाहकार कर्नल अ
Thanesar, Kurukshetra | Nov 15, 2026