ग्रेटर नोएडा में बच्ची की हत्या के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, आरोपी की मौत
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में बच्ची की हत्या के आरोपी बलराज और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने आरोपी को CCTV फुटेज और अन्य माध्यमों से गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल चाकू डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाने की बात बताई। पुलिस टीम आरोपी को लेकर चाकू बरामद करने पहुंची थी।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने झाड़ियों में छिपाई .32 बोर की पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी बलराज भी गंभीर रूप से घायल हुआ। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आरोपी बलराज को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, 3 खोखे और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल हेड कांस्टेबल का इलाज जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Gautam Buddha Nagar, Gautam Buddh Nagar | Aug 29, 2026