*बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत दरभंगा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर शपथ ग्रहण*
*जागरूकता रैली एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन*
दरभंगा, 28 नवम्बर 2026 :-
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के पूर्ण उन्मूलन तथा बालिकाओं के सुरक्षित, शिक्षित एवं सशक्त भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से आज दिनांक 28 नवंबर 2026 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत दरभंगा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, महिलाओं, किशोरियों, अभिभावकों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपस्थित महिलाओं, किशोरियों, अभिभावकों एवं अन्य प्रतिभागियों को बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगे, न ही अपने परिवार अथवा समाज में बाल विवाह को प्रोत्साहित करेंगे तथा अपने आसपास होने वाले बाल विवाह की सूचना संबंधित प्रशासनिक एवं सक्षम प्राधिकारियों को देंगे।
अभियान के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों एवं टोला-मोहल्लों में आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रतिभागियों ने हाथों में आकर्षक एवं संदेशपरक तख्तियां लेकर 'बाल विवाह रोको', 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ', 'बाल विवाह मुक्त भारत बनाओ', '18 वर्ष से कम उम्र में लड़की की शादी अपराध है' तथा 'शिक्षित बेटी, सशक्त समाज' जैसे नारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास किया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं द्वारा समुदाय के लोगों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।
उन्हें बताया गया कि कानून के अनुसार विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है।
निर्धारित आयु से पूर्व विवाह करना कानूनन दंडनीय है। बाल विवाह में शामिल होने, उसे संपन्न कराने अथवा बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह से उत्पन्न होने वाली सामाजिक, शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विशेष रूप से कम उम्र में गर्भधारण से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव,किशोरियों में कुपोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं, शिक्षा बाधित होने, बालिकाओं के आत्मनिर्भर बनने के अवसरों में कमी तथा घरेलू हिंसा एवं शोषण के जोखिमों के बारे में जानकारी दी गई।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS, दरभंगा श्रीमती चांदनी सिंह ने अपने संदेश में कहा है कि, "बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि यह बालिकाओं के मौलिक अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन के अवसरों को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक समस्या है।
बाल विवाह का उन्मूलन केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका एवं युवाओं की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण स्तर पर जन-जागरूकता एवं सामाजिक परिवर्तन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित न हो और उसकी शादी निर्धारित कानूनी उम्र से पहले न की जाए।
सभी अभिभावकों से अपील है कि वे बेटियों को शिक्षित करें, उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का अवसर दें तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।"
उन्होंने आगे कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय रहते ऐसे मामलों की सूचना संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रशासन को देना भी अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामाजिक दायित्व है। इसके लिए परिवार, समुदाय, विद्यालय, पंचायत एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास निगम, एवं ICDS, दरभंगा की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई कि वे बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए आगे आएं, अपने आसपास होने वाले बाल विवाह की जानकारी संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों को दें तथा बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनें।