ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू हो लौटा 'मेवाड़ दर्शन' दल: उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मन्दिर वैर का 3 दिवसीय शैक्षिक भ्रमण सफलतापूर्वक हुआ संपन्न।
वैर (भरतपुर)राज.।उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मन्दिर, वैर के भैया-बहिनों का तीन दिवसीय ऐतिहासिक व सांस्कृतिक शैक्षिक भ्रमण ‘मेवाड़ दर्शन’ सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। तीन दिवसीय शैक्षिक भ्रमण में 53 सदस्यीय दल ने मेवाड़ की पावन धरा के शौर्य, त्याग और भक्ति के इतिहास को प्रत्यक्ष रूप से जाना।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर आदर्श विद्या मन्दिर समिति, भरतपुर के सम्मानित सदस्य आनन्द प्रकाश धावाई ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रवानगी के समय विद्यार्थियों के चेहरे पर नई ऊर्जा और भारी उत्साह देखते ही बन रहा था।
भक्ति, शौर्य और संस्कृति का अद्भुत संगम : इस तीन दिवसीय प्रवास के दौरान विद्यार्थियों ने राजस्थान के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षणिक अवलोकन किया जिसके अन्तर्गत अजमेर व राजसमंद: पवित्र पुष्कर सरोवर, जगतपिता ब्रह्मा जी मन्दिर तथा नाथद्वारा में श्रीनाथ जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया साथ ही झीलों की नगरी उदयपुर में 'प्रताप गौरव केन्द्र' और महाराणा प्रताप स्मारक के माध्यम से मेवाड़ के वीर योद्धाओं की गाथाएं जानी। इसके साथ ही सहेलियों की बाड़ी और फतहसागर झील की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया।
चित्तौड़गढ़ में स्थित : चित्तौड़गढ़ दुर्ग का ऐतिहासिक विजय स्तम्भ, कीर्ति स्तम्भ, पावन जौहर स्थल, पद्मिनी महल व मीरा मन्दिर को देख विद्यार्थी भावविभोर हो उठे। भ्रमण दल में शामिल समस्त भैया बहिन एवं विद्या मन्दिर के आचार्य-आचार्या ने श्री सांवलिया सेठ मन्दिर में भी दर्शन कर समस्त विश्व की खुशहाली की मंगलकामना की ।
अनुशासन और ज्ञानार्जन का दिया संदेश
शैक्षिक भ्रमण के दल में शामिल समस्त सदस्यों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण पुस्तकों से परे व्यावहारिक ज्ञान और सांस्कृतिक चेतना जगाने में मील का पत्थर साबित होते हैं। विद्यार्थियों ने संपूर्ण यात्रा के दौरान अनुशासित रहकर ऐतिहासिक तथ्यों को नोट किया।
भ्रमण दल में आदर्श विद्या मन्दिर समिति भरतपुर के सदस्य श्री आनन्द प्रकाश धावाई,वैर विद्यालय उपसमिति के अध्यक्ष श्री मनमोहन शर्मा, व्यवस्थापक श्री घमण्डी लाल मीणा, शैक्षिक भ्रमण प्रभारी आचार्या श्रीमती मंजू देवी , आचार्या श्रीमती गरिमा धाकड़, कार्यालय प्रमुख कपिल कुमार सिंघल, सहा.कार्यालय प्रभारी कन्हैयालाल शर्मा,आचार्य करतार सिंह शामिल रहे।
Weir, Bharatpur | Oct 20, 2026