अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार, 11 न्यायिक अभिरक्षा में
दो आरोपी पुलिस रिमांड पर, दो अन्य आरोपियों को पकड़ने में भी मिली सफलता; पुलिस ने अफवाहों से बचने और सहयोग करने की अपील की
भरतपुर। भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। भरतपुर रेंज आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा एवं जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के निर्देशन में गठित पुलिस टीम अब तक कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से 11 आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में हैं, जबकि दो आरोपी पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। वहीं, दो अन्य आरोपियों को पकड़ने में भी पुलिस को सफलता मिली है।
भुसावर वृत्त के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में अब तक कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपियों को 23 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि शेष आरोपियों को अगले दिन अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में दो आरोपियों पर जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
निर्दोष लोगों को परेशान नहीं करने का दावा
पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल मामले में आरोपी व्यक्तियों की तलाश में उनके घरों पर दबिश दे रही है। जिन लोगों का प्रकरण से कोई संबंध नहीं है, उन्हें परेशान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस कार्रवाई को लेकर भ्रामक सूचनाएं न फैलाएं।
उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को मामले में वांछित आरोपी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि आरोपियों को पकड़ने में मदद मिल सके।
Weir, Bharatpur | Oct 21, 2026