स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हाईकोर्ट खण्डपीठ-ग्वालियर में गूंजे देशभक्ति के सुर
बीएसएफ टेकनपुर के बैंड प्लाटून ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत मनमोहक प्रस्तुति
देश के 80वे स्वतंत्रता दिवस के गौरवशाली अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देश के प्रति कर्तव्य भावना को सुदृढ करने के उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को उच्च न्यायालय खण्डपीठ-ग्वालियर परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सीमा सुरक्षा बल, टेकनपुर के 20 सदस्यीय बैंड प्लाटून द्वारा बाद्य यंत्रों के माध्यम से देशभक्ति से ओतप्रोत मनमोहक संगीतमय प्रस्तुति दी गई।
उच्च न्यायालय खण्डपीठ-ग्वालियर के प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति श्री जी. एस. आहलूवालिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारीगण में स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक गौरव को प्रसारित करने के साथ-साथ राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिये स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर जवानों के बलिदानों से भी अवगत कराना था, जिससे एक अनुशासन, एकता और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का माहौल बन सके।
बी.एस.एफ. बैंड प्लाटून, टेकनपुर द्वारा "राष्ट्रीय गीत, माँ तुझे सलाम, ए मेरे वतन के लोगों, कदम-कदम बढाये जा, हे प्रीत जहां की रीत सदा, मेरा कर्मा तू, सत्य मेव जयते आदि धुनों पर दी गई उत्साहवर्द्धक व रोमांचक प्रस्तुति ने उपस्थित जन में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक प्रबल किया तथा मंत्रमुग्ध कर जोश व उल्लास से परिपूर्ण कर दिया।
इस कार्यक्रम में न्यायमूर्ति श्री जी. एस. आहलूवालिया सहित न्यायमूर्ति श्री मिलिंद रमेश फडके, न्यायमूर्ति श्री आशीष श्रोती, न्यायमूर्ति श्री अमित सेठ, न्यायमूर्ति श्री पुष्पेन्द्र यादव, न्यायमूर्ति श्री आनंद सिंह बहरावत, न्यायमूर्ति श्री राजेश कुमार गुप्ता तथा न्यायमूर्तिगण के परिवार के सदस्य, ग्वालियर के प्रधान जिला न्यायाधीश श्री ललित किशोर व प्रधान जिला न्यायाधीश (सतकर्ता) श्री जाकिर हुसैन, खण्डपीठ-ग्वालियर के प्रिंसिपल रजिस्ट्रार श्री राजीव के. पाल, जिला न्यायालय के न्यायाधीशगण, उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री पवन पाठक व सचिव श्री महेश गोयल, अतिरिक्त महाधिवक्तागण व डिप्टी सॉलीसीटर जनरल श्री प्रवीण नेवास्कर, सीनियर एडवोकेट्स सहित अन्य अधिवक्तागण, उच्च न्यायालय में पदस्थ न्यायिक व पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारीगण सम्मिलित हुये।
कार्यक्रम के अंत में बी.एस.एफ. बैंड प्लाटून, टेकनपुर की शानदार व अनुशासित प्रस्तुति को प्रोत्साहित करने हेतु उपस्थित समस्त न्यायमूर्तिगण द्वारा बैंड प्लाटून को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन खण्डपीठ-ग्वालियर के डिप्टी रजिस्ट्रार श्री अनिल देशमुख द्वारा तथा स्वागत भाषण एवं आभार प्रदर्शन ओएसडी / रजिस्ट्रार श्री ऋतुराज सिंह चौहान द्वारा किया गया।
#gwalior
PRO Gwalior
CM Madhya Pradesh