बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रानी एक पंचायत स्थित आदर्श मध्य विद्यालय नारेपुर के छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति की एक अनूठी मिसाल पेश की है।
गौरतलब हो कि, शुक्रवार को विद्यालय में चेतना सत्र के दौरान जब राष्ट्रगान जन गण मन की धुन गूंजी तो स्कूल जा रहे या बाहर सड़कों पर खड़े बच्चों ने वही सावधान मुद्रा में खड़े होकर राष्ट्रगान के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया और राष्ट्रगान समापन तक खड़े रहे। शिक्षक या अन्य किसी द्वारा सिखाए गए यह अनुशासन प्रेरणा बना और बच्चों ने एक मिसाल पेश की।
ज्ञात हो कि सन् 1932 में स्थापित आदर्श मध्य विद्यालय नारेपुर एक शिक्षा का मंदिर है। जहां से पठन-पाठन कर एक से एक अधिकारी बने हैं और ज्यादातर इस विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षक भी इसी विद्यालय के छात्र रहे हैं और अनुशासन के लिए इस विद्यालय की एक अलग अपनी पहचान है।
जिसका नज़ारा आज चेतना सत्र के दौरान विद्यालय से लगभग 100 मीटर की दूरी पर देखने को मिला। जहां विद्यालय में चल रहे चेतना सत्र में राष्ट्रगान की धुन सुनते ही बच्चों के पैर वहीं थम गए और बच्चों ने राष्ट्रभक्ति की मिसाल दी।
वर्तमान समय में इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक विशेश्वर पासवान है और उनके नेतृत्व में इस विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।
Bachhwara, Begusarai | Nov 20, 2026